शेखोपुरसराय नगर पंचायत को मिली बड़ी शैक्षणिक सौगात, सांसद विवेक ठाकुर के प्रयास से 90 दिनों में शुरू होगा केंद्रीय विद्यालय
शेखोपुरसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट

शेखोपुरसराय नगर पंचायत क्षेत्र के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक बेहद उत्साहजनक और ऐतिहासिक खबर सामने आई है। सांसद विवेक ठाकुर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि केंद्रीय विद्यालय को हर हाल में 90 दिनों के भीतर चालू किया जाए। इस महत्वपूर्ण पहल को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने अपने निजी फंड से लगभग 80 से 90 लाख रुपये की राशि अस्थायी व्यवस्था हेतु उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
प्रारंभिक तौर पर केंद्रीय विद्यालय का संचालन नीमि महाविद्यालय परिसर में अस्थायी रूप से किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कक्षाएं, फर्नीचर, बिजली-पानी, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सांसद के फंड से की जाएगी, ताकि बच्चों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।

इस संबंध में सांसद विवेक ठाकुर के नेतृत्व में कार्यपालक एडीएम, सीईओ, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा केंद्र से आई केंद्रीय विद्यालय संगठन की टीम के साथ नीमि महाविद्यालय का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी आवश्यक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई और नामांकन प्रक्रिया को जल्द शुरू करने का निर्णय लिया गया।
सांसद विवेक ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, अनुशासित और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना उनका संकल्प है। केंद्रीय विद्यालय खुलने से शेखोपुरसराय और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।
स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और शिक्षकों ने इस पहल पर खुशी जताते हुए सांसद विवेक ठाकुर की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि यह निर्णय न केवल शिक्षा के स्तर को ऊंचा करेगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति देगा।

निस्संदेह, सांसद विवेक ठाकुर की यह पहल उनकी दूरदर्शिता, जनहित के प्रति प्रतिबद्धता और शिक्षा के प्रति संवेदनशील सोच को दर्शाती है, जो आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगी।









