शेखोपुरसराय थाना में विदाई समारोह, जयप्रकाश तिवारी बने सिरारी थाना के नए अध्यक्ष


शेखोपुरसराय थाना में पदस्थापित रहे पुलिस पदाधिकारी जयप्रकाश तिवारी के स्थानांतरण के बाद शनिवार को थाना परिसर में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

जयप्रकाश तिवारी को सिरारी थाना का नया थाना अध्यक्ष बनाया गया है। उनके स्थानांतरण पर शेखोपुरसराय थाना के अधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

विदाई समारोह के दौरान जयप्रकाश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि शेखोपुरसराय थाना में बिताए गए दो वर्ष उनके जीवन के यादगार पल बन गए हैं। उन्होंने कहा कि “मुझे खुद पता ही नहीं चला कि ये दो साल कैसे बीत गए। इस दौरान क्षेत्र के समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और आम लोगों से जो सहयोग और सम्मान मिला, उसे मैं जीवन भर नहीं भूल पाऊंगा।”

उन्होंने कहा कि शेखोपुरसराय में कार्य करते हुए उन्हें लोगों का भरपूर सहयोग मिला, जिससे कानून व्यवस्था बनाए रखने और कई मामलों को सुलझाने में आसानी हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिरारी थाना में भी उन्हें इसी तरह लोगों का सहयोग मिलेगा और वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे।

इस अवसर पर मौजूद लोगों ने भी जयप्रकाश तिवारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में ईमानदारी और सक्रियता के साथ पुलिसिंग की और क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।

कार्यक्रम में शेखोपुरसराय थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि भाषो सिंह, क्षेत्र के कई पत्रकार, थाना के पुलिस अधिकारी व कर्मचारी सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे। सभी ने जयप्रकाश तिवारी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









