सांसद ने आंगनबाड़ी केंद्र में किया संवाद कार्यक्रम

क्षेत्र के नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने बरबीघा विधानसभा अंतर्गत ग्राम पांची स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का दौरा कर महिलाओं एवं बच्चों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में संचालित सेवाओं की जमीनी हकीकत को करीब से जाना और लाभार्थियों से सीधे बातचीत की।

 


संवाद के क्रम में मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रारंभिक शिक्षा तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए पोषण आहार, टीकाकरण और बच्चों की देखभाल से जुड़े मुद्दों को सामने रखा। सांसद विवेक ठाकुर ने महिलाओं की सक्रिय सहभागिता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी जागरूकता की सराहना करते हुए इसे अत्यंत प्रेरणादायी बताया।

 


कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण तब आया जब आंगनबाड़ी केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे एक बच्चे ने सांसद के सामने कविता (पोयम) सुनाई। बच्चे की मासूम प्रस्तुति ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया और सांसद ने उसकी खुलकर प्रशंसा की।

 


इस अवसर पर उनावा पंचायत के मुखिया अभिमन्यु कुमार एवं पांची पंचायत की मुखिया बेबी देवी भी मौजूद रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को ग्रामीण समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

 

 


सांसद विवेक ठाकुर ने आंगनबाड़ी सेविका विभा कुमारी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद और धन्यवाद दिया। उन्होंने सेविका का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करती रहें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ सही लोगों तक समय पर पहुंच सके। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया।

 


कार्यक्रम के दौरान सांसद की बढ़ती लोकप्रियता का भी असर देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीणजन कार्यक्रम में उपस्थित रहे और संवाद में भाग लिया। अंत में सांसद ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण महिलाओं और बच्चों के विकास के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

Leave a Comment