थाना चौक पर लगा लाल बाबू की प्रतिमा लोगों में खुशी

बरबीघा में स्व. कृष्ण मोहन प्यारे लाल बाबू की 125वीं जयंती पर भव्य प्रतिमा अनावरण समारोह

सौरभ कुमार की रिपोर्ट

 

बरबीघा के प्रथम विधायक, स्वतंत्रता सेनानी एवं महान शिक्षाविद स्वर्गीय श्री कृष्ण मोहन प्यारे लाल बाबू की 125वीं जयंती के अवसर पर थाना चौक के समीप उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

 

 


समारोह में मुख्य रूप से बरबीघा के जदयू विधायक कुमार पुष्पांजय, नगर अध्यक्ष सोनू कुमार, पूर्व नगर अध्यक्ष रोशन कुमार सहित क्षेत्र के कई छोटे-बड़े नेता, नेत्रियां एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी अतिथियों ने स्वर्गीय लाल बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. कृष्ण मोहन प्यारे लाल बाबू न केवल स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले सच्चे सेनानी थे, बल्कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में भी अमूल्य योगदान दिया। उनके विचार, सिद्धांत और जनसेवा की भावना आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। बरबीघा के विकास और सामाजिक चेतना में उनका योगदान अविस्मरणीय है।

 


इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने सर्वसम्मति से मांग की कि जिस स्थान पर उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है, उस थाना चौक का नामकरण “लाल बाबू चौक” किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा ले सकें। लोगों का कहना था कि यह नामकरण स्व. लाल बाबू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

 

 

समारोह के दौरान वातावरण देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा। स्थानीय नागरिकों ने प्रतिमा स्थापना को बरबीघा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए इसे गौरव का विषय बताया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Comment