अनुमंडल कार्यालय में अधिवक्ता पर हमला, कार्रवाई की मांग तेज

रिपोर्ट – चतुरानन्द मिश्रा

शेखपुरा: अनुमंडल कार्यालय परिसर में गुरुवार को एक गंभीर घटना घटी, जहां एसडीओ कार्यालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर दिवाकर कुमार ने कथित तौर पर कहासुनी के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता भानु उदय प्रसाद पर हमला कर उनका सिर फोड़ दिया। घायल अधिवक्ता को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद अधिवक्ता समुदाय में रोष फैल गया है।

घटना उस समय हुई जब अधिवक्ता भानु उदय प्रसाद एसडीओ के स्टेनो से मिलने पहुंचे थे। बातचीत के दौरान किसी मुद्दे को लेकर ऑपरेटर और अधिवक्ता के बीच तीखी बहस हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। कार्यालय परिसर में इस अप्रत्याशित घटना से अफरा-तफरी मच गई।

इस घटना पर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, अभी तक कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, जिला विधिज्ञ संघ ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। संघ के जिला सचिव विपिन कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि आरोपी ऑपरेटर दिवाकर कुमार के समर्थन में कोई भी अधिवक्ता अदालत में नहीं खड़ा होगा। उन्होंने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की।

अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Comment