धमकी भरा पर्चा फेंकने वाला युवक हुआ गिरफ्तार

रिपोर्ट – धर्मेन्द्र कुमार

शेखपुरा- बरबीघा नगर परिषद क्षेत्र के परसोबीघा मोहल्ले में कई घरों में धमकी भरे परचे फेंकने वाला युवक आखिर कर पुलिस के गिरफ्त में आ गया. खुद को माफिया गैंग का सदस्य बताने वाला यह युवक मोहल्ले वालों की सतर्कता और होशियारी की वजह से पकड़ा गया. पकड़े गए युवक की पहचान मोहल्ले के ही निवासी विनोद प्रसाद के पुत्र कीर्ति कुमार के रूप में हुई है. घटना के बारे में मोहल्ले के निवासी रंजीत प्रसाद और भोला प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर लगभग 3 बजे, लगातार चौथे दिन देवी मंदिर में एक धमकी भरा परचा फेंका गया था. इस परचे में मोहल्ले के लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई थी. इससे पहले भी पर्चा फेंके जाने से मोहल्ले के लोगों ने कई दिनों से इस पर नजर बना रखी थी और उन्हें शक था कि यह किसी स्थानीय व्यक्ति का ही काम है. परचों में लिखावट देखकर लोगों ने कीर्ति कुमार पर संदेह बना हुआ था , क्योंकि उसकी लिखावट परचों की लिखावट से मेल खाती थी. मोहल्ले के लोगों ने कीर्ति कुमार पर नजर रखनी शुरू कर दी और शुक्रवार को, जैसे ही उसने देवी मंदिर में एक और धमकी भरा परचा फेंका, मोहल्ले वालों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस घटना से मोहल्ले के लोग काफी डरे हुए थे, लेकिन अब युवक की गिरफ्तारी से उन्हें कुछ राहत मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कीर्ति कुमार ने ऐसा क्यों किया और उसके पीछे क्या मकसद था. इस मामले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून और सतर्कता के आगे ज्यादा देर तक नहीं टिक सकता.

Leave a Comment