रिपोर्ट – सुनील कुमार

बरबीघा- मिशन थाना क्षेत्र के सामाचक मुहल्ले से दो माह पूर्व अगवा एक 17 वर्षीय किशोरी और इंटर की छात्रा को पुलिस सकुशल बरामद करने में सफलता पाई। बता दें कि इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी युवक को घटना के दो दिन बाद ही गिरफ्तार कर जेल भेज दी थी। अगवा किशोरी के भाई द्वारा थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में नगर परिषद क्षेत्र में पड़ने वाले माउर गांव निवासी अरुण प्रसाद के पुत्र राज कुमार के ऊपर बहन को अगवा कर लिए जाने का आरोप लगाते हुए नामजद अभियुक्त बनाया गया था। इस बाबत मिशन थाना अध्यक्ष सह पुलिस सब इंस्पेक्टर बाल मुकुंद राय ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी में उल्लेख किया गया था कि किशोरी घर से एडमिट कार्ड लाने स्कूल जाने हेतु निकली थी। लेकिन उक्त तिथि को देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। उन्होंने कहा कि अगवा किशोरी को युवक से मोबाइल पर बराबर काफी देर तक बातचीत होती थी। इस लिए मामले में गिरफ्तार युवक को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।थाना अध्यक्ष ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर युवक के घर पर छापामारी कर उसे धर दबोचा गया। उन्होंने बताया अगवा किशोरी दिल्ली में थी। पुलिस दबिश के कारण गुरुवार को वह स्थानीय थाना पुलिस के समक्ष हाजिर हुई। जिसे पुलिस निगरानी में कोर्ट में प्रस्तुत करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।









