जिंदा करतूस और देसी कट्टा के साथ युवक गिरफ्तार

दिनदहाड़े लूट की कोशिश नाकाम, शेखोपुरसराय पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हथियार के साथ कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

शेखोपुरसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट

 

 

शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के पहाड़िया गांव के समीप दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश को शेखोपुरसराय पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। इस संबंध में रुदल कुमार द्वारा शेखोपुरसराय थाना को फोन कर सूचना दी गई कि गांव के पास कुछ अपराधी लोगों से लूटपाट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष विवेक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से मुन्ना कुमार उर्फ संतोष कुमार, पिता नवलेश सिंह, निवासी महरथ, थाना शाहपुर, जिला नवादा को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी रुदल कुमार से छीनाझपटी का प्रयास कर रहा था तथा भय पैदा करने के उद्देश्य से घटनास्थल पर फायरिंग भी की गई थी। इस मामले में रुदल कुमार द्वारा लिखित आवेदन देकर शेखोपुरसराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा बताया जा रहा है। नवादा जिले के शाहपुर थाना में उसके खिलाफ पहले से सात प्राथमिकी दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस के लिए वांछित था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पूर्व में भी छापेमारी की जा रही थी। शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र में उसकी गिरफ्तारी से आम लोगों ने राहत की सांस ली है।

 

थाना अध्यक्ष विवेक चौधरी की कार्यशैली की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। उनके नेतृत्व में शेखोपुरसराय पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना अध्यक्ष की सक्रियता और त्वरित निर्णय क्षमता के कारण अपराधियों में भय और जनता में सुरक्षा का भाव पैदा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। शेखोपुरसराय पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment