आज से छठ महापर्व हुआ शुरू

शेखपुरा में चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ, ममता देवी ने क्षेत्रवासियों की सुख-शांति की कामना की

शेखपुरा (स्थानीय संवाददाता)। आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ आज से पूरे जिले में श्रद्धा और उल्लास के साथ आरंभ हो गया है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती महिलाएँ भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना कर परिवार एवं समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगी।

छठ भारती ममता देवी ने इस अवसर पर शेखपुरा जिले की तमाम जनता को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था, स्वच्छता और अनुशासन का प्रतीक है, जो समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देता है।

पर्व की शुरुआत होते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पूजा सामग्री और फल-सब्जियों की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस बीच कद्दू का रेट ₹90 प्रति किलोग्राम तक पहुँच गया है, जिसने अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

जिले के प्रमुख घाटों — सूरज मंदिर, निमी अंबारी, रतोया घाट, मालती पोखर, बरबीघा सहित आसपास के गाँव के विभिन्न छठ घाटों को समाजसेवियों और स्थानीय लोगों द्वारा आकर्षक ढंग से सजाया गया है। जगह-जगह साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और प्रभात अर्घ्य की विधियाँ पूरी आस्था और पवित्रता के साथ संपन्न की जाएँगी ।

Leave a Comment