रिपोर्ट – चतुरानन्द मिश्रा

शेखपुरा: जिले के जदयू के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य अर्जुन प्रसाद के छोटे पुत्र का आकस्मिक निधन हो गया। इस दुःखद सूचना के फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव का माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया है। शोकाकुल परिवार से मिलने भाजपा जिला अध्यक्ष रेशमा भारती, उपाध्यक्ष वरुण सिंह, शेखपुरा प्रखंड के 20 सूत्री अध्यक्ष चंदन राज एवं भाजपा नेता मनोज तूफानी गांव पहुंचे। इन जनप्रतिनिधियों ने अर्जुन प्रसाद और उनके परिवार से मिलकर इस दुःख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की बात कही। उन्होंने मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिवार को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष वरुण सिंह ने कहा कि पुत्र की आकस्मिक मृत्यु किसी भी माता-पिता के लिए सबसे बड़ा दुख होता है। अर्जुन प्रसाद जैसे वरिष्ठ सामाजिक नेता का परिवार इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है, ऐसे समय में समाज और संगठन को उनके साथ खड़ा होना चाहिए। स्थानीय ग्रामीणों एवं कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शोक संवेदना प्रकट की। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। गांव में शोक का वातावरण बना हुआ है। लोग अब भी इस दुखद समाचार से उबर नहीं पा रहे हैं। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।









