शेखपुरा की बेटी रानी ने राष्ट्रीय खेल में जीते चार पदक

रिपोर्ट – चतुरानन्द मिश्रा

शेखपुरा: जिले की बेटी रानी ने केरल में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर शेखपुरा और पूरे बिहार का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले में गर्व का माहौल पैदा कर दिया है। रानी ने विभिन्न डैगन वोट स्पर्धाओं में भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इन पदकों पर कब्जा जमाया। बिहार से कुल 11 बेटियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, लेकिन रानी ने अपनी मेहनत और लगन से सबसे अधिक पदक जीतने में सफलता हासिल की। रानी आज शाम सात बजे रेल मार्ग से पटना लौटेंगी। उनके स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शेखपुरा और पटना के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। रानी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। खेल प्रेमी और मास्क मैन के नाम से प्रसिद्ध सीवान के राजेश पटेल ने रानी को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि रानी जैसी प्रतिभाएं बिहार के गौरव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जा रही हैं। रानी की इस सफलता से शेखपुरा के युवाओं में खेलों के प्रति एक नई जागरूकता और जोश देखने को मिल रहा है। रानी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच और शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा, “यह सफलता मेरे अकेले की नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझे इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की।” बिहार की इस बेटी की सफलता ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी सीमित क्षेत्र की मोहताज नहीं होती। यह उपलब्धि न केवल शेखपुरा बल्कि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है।

Leave a Comment