रिपोर्ट – धर्मेन्द्र कुमार

शेखपुरा- आयुष्मान भारत कार्यक्रम अंतर्गत जिला पदाधिकारी के निदेशानुसार आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु विशेष शिविर का आयोजन टाउन हॉल शेखपुरा में किया गया , जिसका शुभारंभ सिविल सर्जन शेखपुरा , जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जीविका एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वास्थ्य के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उक्त मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वास्थ्य ने बताया कि “स्वास्थ्य आपका , साथ हमारा “के तर्ज पर इस योजना के अंतर्गत सभी राशन कार्ड लाभार्थी को आयुष्मान भारत कार्ड निर्गत किया जाएगा जिसके लिए एक विशेष शिविर का आयोजन खासकर जीविका दीदी के लिए आयोजन किया गया है।
इसके तहत प्रतिवर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपए तक कैशलेस स्वास्थ्य उपचार हेतु सुविधा दी जा रही है । उक्त मौके पर सिविल सर्जन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के द्वारा इस योजना से ज्यादा से ज्यादा लाभ लोगों को मिल सके, इसके लिए प्रतिबद्ध है । वर्तमान में सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में इसका लाभ एसएनसीयू में भर्ती बच्चे सेल क्रिया हेतु लाभ दिया जा रहा है जल्द ही निजी अस्पताल को भी इस योजना के तहत एंपेनेल्ड अस्पताल की सूची में सम्मिलित करने हेतु प्रयास किया जायेगा ।
संबोधन के क्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि सभी राशन कार्ड धारी को इसका लाभ मिले इसके लिए जिला के सभी पीडीएस दुकानों पर भी कैंप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी जीविका दीदियों से अनुरोध किया कि वे गांव में जाकर लोगों को और अपने परिवार का आयुष्मान भारत कार्ड बनाने हेतु उत्प्रेरीत करे । जीविका कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया कि जीविका दीदी के साथ-साथ उनके परिवार को आसपास के लोगों को गांव गांव में जाकर प्रचार प्रसार का कार्य करेंगे ,जिसके संबंध में उन्हे निर्देशित किया जा चुका है ।
उक्त संबंध में दी गई जानकारी के अनुसार जिले में करीब 5 लाख राशन कार्ड के लाभार्थी है जिसके विरुद्ध लगभग ढाई लाख लोगों को कार्ड निर्गत किया जा चुका है। कार्यक्रम का संचालक प्रभास पांडे एवं कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन इस कार्यक्रम के समन्वयक प्रभा पाल के द्वारा किया गया।









