शेखपुरा डीएम का स्थानांतरण : भावुक माहौल में दी गई भवानी विदाई, नए डीएम आनंद शेखर को लेकर जताई गई उम्मीदें


शेखपुरा। जिले के निवर्तमान जिलाधिकारी असरीफ हासन के स्थानांतरण के बाद गुरुवार को शेखपुरा जिला अतिथि गृह में एक गरिमामय और भावनाओं से भरा विदाई समारोह आयोजित किया गया। जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों, कर्मियों और विभागीय प्रतिनिधियों ने बड़ी गर्मजोशी के साथ डीएम को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर भवानी विदाई दी।
समारोह में एसडीओ, एडीएम, एसीएमओ डॉ. अशोक कुमार, श्रम संसाधन पदाधिकारी शिखा राय सहित कई अधिकारियों ने निवर्तमान डीएम का अभिनंदन करते हुए कहा कि असरीफ हासन के नेतृत्व में जिले ने विकास के कई नए आयाम छुए हैं। उन्होंने प्रशासनिक पारदर्शिता, समयबद्धता और टीम वर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वहीं एसपी बलिराम कुमार चौधरी और डीएसपी डॉ. राकेश कुमार ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर उनको सम्मानित किया और उनकी कार्यशैली की विशेष सराहना की।

निवर्तमान डीएम असरीफ हासन भावुक स्वर में बोले शेखपुरा की सेवा करने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही। जो भी कार्यभार मिला, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाने का प्रयास किया। जिले के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने मिलकर काम किया, जिसके कारण कई विकास कार्य समय पर पूरे हो पाए। उन्होंने जिलेवासियों से किसी भी भूल-चूक के लिए क्षमा याचना करते हुए भरोसा दिलाया कि आगे जहां भी रहेंगे, निष्ठा और ईमानदारी को सर्वोपरि रखकर कार्य करते रहेंगे।
उधर, नए जिलाधिकारी आनंद शेखर ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार समारोह में उपस्थित होकर जिले के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा, “शेखपुरा छोटा जिला जरूर है, लेकिन इसकी संभावनाएं बहुत बड़ी हैं। हम सभी पदाधिकारियों के सहयोग से पारदर्शी, संवेदनशील और तेज प्रशासन देने के लिए काम करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि वे जनता से सीधे संवाद को प्राथमिकता देंगे और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ेंगे। पदभार संभालने के बाद शहर में उनके प्रभाव और कार्यशैली को लेकर लोगों में सकारात्मक चर्चा है। कई लोगों ने उम्मीद जताई कि शहर की मूलभूत समस्या सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा में तेजी से सुधार देखने को मिलेगा।

समारोह के अंत में सभी वरीय पदाधिकारियों ने निवर्तमान डीएम के बेहतर भविष्य और नए डीएम की सफल कार्ययोजना की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम का माहौल गरिमापूर्ण और भावनाओं से ओतप्रोत रहा।










