तीन पियक्कड़ गिरफ्तार

शेखोपुरसराय से बड़ी खबर: पुलिस की सक्रियता रंग लाई, तीन पियक्कड़ गिरफ्तार—थानाध्यक्ष विवेक चौधरी की कार्यशैली की हो रही सराहना

शेखोपुरसराय। स्थानीय थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू करते हुए शेखोपुरसराय पुलिस ने बुधवार को नशे की हालत में पाए गए तीन युवकों को गिरफ्तार किया। ये सभी व्यक्ति शराब के नशे में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान राहुल कुमार (पिता अरविन्द मिस्त्री), मनीष कुमार (पिता जमुना प्रसाद) और गुंजन कुमार (पिता मिथिलेश पांडे) के रूप में की गई है। तीनों ग्राम शेखोपुर बाजार, थाना शेखोपुरसराय, जिला शेखपुरा के निवासी हैं।

पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष विवेक चौधरी ने बताया कि शराबबंदी कानून के उल्लंघन और साइबर अपराध जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए थाना स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई है, जो क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है और छापेमारी अभियान भी तेज़ कर दिया गया है।

थानाध्यक्ष चौधरी ने कहा कि शराब माफिया और साइबर अपराध से जुड़े तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी स्थिति में कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में शेखोपुरसराय थाना ने अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में कई सराहनीय कदम उठाए हैं। चोरी, शराबबंदी उल्लंघन और साइबर अपराध जैसे मामलों में लगातार की जा रही कार्रवाई के कारण स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि थानाध्यक्ष विवेक चौधरी के नेतृत्व में पुलिस की सक्रियता और त्वरित हस्तक्षेप से अपराधियों में भय का माहौल बना है, जबकि आम जनता को राहत मिली है।

थाना क्षेत्र में बढ़ी पुलिस की चौकसी और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई से शेखोपुरसराय पुलिस की कार्यशैली की सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह पुलिस चुस्ती-फुर्ती बनाए रखे तो क्षेत्र में न तो अवैध शराब का कारोबार पनप पाएगा और न ही साइबर अपराधियों की गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Comment