शेखोपुरसराय थाना में पहली बार पुलिस अधीक्षक का जनता दरबार, चोरी के मामलों पर हुई सुनवाई
शेखोपुरसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट
शेखोपुरसराय थाना परिसर में पहली बार पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम जनता की शिकायतों को सीधे सुनकर त्वरित समाधान करना रहा।
जनता दरबार के दौरान प्रमुख रूप से भैंस चोरी का मामला सामने आया। फरियादियों ने बताया कि सुगिया गांव से दो भैंस तथा निमी गांव से भी दो भैंस की चोरी कर ली गई है। इसके अलावा क्षेत्र में एक सोना दुकान में हुई चोरी के मामले को भी उठाया गया, जिस पर पीड़ित पक्ष ने जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी ने कहा कि छोटे-छोटे विवाद और मामले पंचायत स्तर पर ही सुलझाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में मुखिया और सरपंच की अहम भूमिका होती है और अनावश्यक रूप से थाना व न्यायालय का चक्कर लगाने से बचना चाहिए। आपसी समझौते और सामंजस्य से कई समस्याओं का समाधान संभव है, जिससे समय और संसाधन दोनों की बचत होती है।

जनता दरबार में ओणमा पंचायत के मुखिया अभिमन्यु सिंह, अमारी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मुकेश कुमार तथा नगर पंचायत प्रतिनिधि भाषो सिंह ने शिरकत की। सभी जनप्रतिनिधियों ने शेखोपुरसराय थाना अध्यक्ष विवेक चौधरी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि थाना स्तर पर आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है और पुलिस का व्यवहार सराहनीय है।
कार्यक्रम में खेखपुरा जिला परिषद की अध्यक्षा निर्मला कुमारी भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि समाज में शांति बनाए रखने के लिए आपसी सहमति और संवाद बेहद जरूरी है। छोटे विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने से सामाजिक सौहार्द मजबूत होता है।

जनता दरबार के सफल आयोजन से क्षेत्र की जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन आगे भी होते रहेंगे, जिससे आम जनता को न्याय पाने में आसानी होगी और क्षेत्र में अपराध पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।









