शेखोपुरसराय प्रखंड कार्यालय में लगा जनता दरबार, बीडीओ ने दिया त्वरित समाधान का भरोसा

शेखोपुरसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट

शेखोपुरसराय प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार गौरव ने की। जनता दरबार के दौरान राशन कार्ड से जुड़ा एक मामला सामने आया, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए बीडीओ अमित कुमार गौरव ने संबंधित आवेदक को गुलदस्ता देकर सम्मानित किया और मामले के शीघ्र निपटारे के लिए मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार गौरव ने कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय में नियमित रूप से जनता दरबार लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनता दरबार में मनरेगा जॉब कार्ड, इंदिरा आवास योजना, राशन कार्ड समेत प्रखंड के सभी विभागों से संबंधित मामलों की सुनवाई की जाएगी। सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

बीडीओ ने आगे कहा कि जनता दरबार में जो भी व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर आएंगे, उन्हें लिखित आवेदन देना होगा। आवेदन प्राप्त होते ही संबंधित मामले की जांच कर ऑन द स्पॉट समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को बार-बार कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, यही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

जनता दरबार के आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। दूर-दराज से आए लोगों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के आयोजन से आम जनता को बड़ी राहत मिलती है। लोगों ने उम्मीद जताई कि नियमित रूप से जनता दरबार लगने से सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान समय पर हो सकेगा और प्रशासन तथा जनता के बीच विश्वास और मजबूत होगा।









