निमी गांव में चला प्रशासन का बुलडोज़र
सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, दर्जनों मकान जमींदोज
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान संपन्नशेखोपुरसराय (शेखपुरा)। शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के निमी गांव में मंगलवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की। अभियान के तहत सरकारी भूमि पर बने दर्जनों पक्के और कच्चे मकानों को बुलडोज़र की मदद से ढहा दिया गया। पूरे इलाके में सुबह से ही पुलिस एवं प्रशासनिक हलचल तेज रही।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। थानाध्यक्ष विवेक चौधरी, सीओ राकेश रौशन और नगर पंचायत अध्यक्ष रोहित मांझी स्वयं सदल–बल मौके पर मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे। प्रशासन ने यह कदम सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से उठाया है।
अभियान शुरू होते ही पूरा गांव पुलिस छावनी में बदल गया। स्थानीय लोगों में अफरातफरी का माहौल रहा, वहीं कुछ ग्रामीणों ने अपने घर टूटने पर आपत्ति भी जताई। प्रभावित परिवारों ने कहा कि अचानक की गई इस कार्रवाई से उन्हें भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूर्व सूचना देकर ही यह अभियान चलाया गया और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में अन्य ऐसे क्षेत्रों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।













