बरबीघा-वारसलीगंज मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, किसान दंपती गंभीर रूप से घायल


शेखोपुरसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट
तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने पावर टिलर में मारी जोरदार टक्कर, वाहन क्षतिग्रस्त — थाना अध्यक्ष विवेक चौधरी ने संभाला मोर्चा
बरबीघा। बरबीघा-वारसलीगंज मुख्य मार्ग पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना अम्बरी गांव के समीप दोबाडीह गांव के पास की है।
जानकारी के अनुसार, दोबादीह गांव निवासी किसान पप्पू महतो अपनी पत्नी के साथ पावर टिलर लेकर खेत जोतने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने पावर टिलर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए, जबकि फोर व्हीलर भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेखोपुरसराय में भर्ती कराया, जहा उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही शेखूपुर सराय थाना अध्यक्ष विवेक चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।









