गांव में लता राज फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क सिलाई केंद्र का उद्घाटन

रिपोर्ट- चतुरानन्द मिश्रा

नालन्दा – सामाजिक उत्थान और महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए लता राज फाउंडेशन की निदेशक शबनम लता ने बुधवार को अस्थावां प्रखंड के कुलती गांव में निःशुल्क सिलाई केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल निःशुल्क सिलाई केंद्र की स्थापना से गांव की महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों ने लता राज फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि यह केंद्र उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी पहल है, जिससे वे अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान

इसके बाद शबनम लता ने शाहबाजपुर, कैला और जाना गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर लता राज फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन महिलाओं और युवाओं के कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

ग्रामीणों ने जताया आभार

इस अवसर पर शेखोपुरसराय प्रखंड जदयू अध्यक्ष जयप्रकाश प्रसाद भी उपस्थित रहे। उन्होंने लता राज फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था समाज के वंचित वर्गों के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से भी इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

लता राज फाउंडेशन का उद्देश्य

शबनम लता ने कहा कि फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे ही कल्याणकारी योजनाएं चलाई जाएंगी, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिल सके।

समाज में नई रोशनी का संचार

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों ने शबनम लता और उनकी संस्था के प्रति आभार प्रकट किया और आशा जताई कि इस तरह के प्रयास गांव-गांव तक पहुंचेंगे, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा।

Leave a Comment