रिपोर्ट – चतुरानन्द मिश्रा

शेखोपुर सराय – नगर पंचायत के नीमी पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इस पद के लिए दो उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। मौजूदा अध्यक्ष उदय शंकर ने तीसरी बार अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है, वहीं उनके प्रतिद्वंदी श्रीकृष्ण कुमार ने भी नामांकन दाखिल करते हुए उन्हें चुनौती दी है। इस सम्बन्ध मे जानकारी देते हुए श्रम परिवर्तन सह सहायक पदाधिकारी मुरलीधर ने बताया कि 20 जनवरी को संविक्षा कराई जाएगी, 22 जनवरी को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे, और 29 जनवरी को वोटिंग व परिणाम की घोषणा की जाएगी।नीमी पैक्स के चुनाव नगर पंचायत के पहले भाग में होने हैं। उदय शंकर, जो पिछले दस वर्षों से इस पद पर काबिज हैं, ने किसानों के साथ अपने मजबूत
संबंध और उनकी समस्याओं के समाधान पर जोर देते हुए कहा, “विगत दस वर्षों में किसानों ने मुझ पर जो भरोसा दिखाया है, वही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मैंने हमेशा किसानों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान किया है। किसी भी प्रकार का आरोप मुझ पर नहीं लगा है। मुझे भरोसा है कि इस बार भी किसान मुझ पर विश्वास दिखाएंगे।”दूसरी ओर, उदय शंकर के प्रतिद्वंदी श्रीकृष्ण कुमार ने अपने घोषणा पत्र के जरिए किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का वादा किया है। उन्होंने कहा, “अगर किसान हमें मौका देते हैं, तो पैक्स के जरिए मिलने वाली सभी सरकारी सुविधाएं धरातल पर पहुंचाई जाएंगी। हम 90 दिनों के भीतर विकास कार्य शुरू करेंगे। साथ ही, पैक्स के तहत छात्रों
के लिए पुस्तकालय की व्यवस्था करेंगे, जिससे गांव के युवाओं को शिक्षा में मदद मिले।”इस चुनाव को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। दोनों उम्मीदवार अपने-अपने दावों और वादों के साथ प्रचार में जुट गए हैं। जहां उदय शंकर अपने अनुभव और पिछले कार्यकाल के भरोसे मैदान में हैं, वहीं श्रीकृष्ण कुमार युवा ऊर्जा और नई योजनाओं के साथ किसानों को आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं।









