जिला प्रशासन स्थानीय कलाकारों को दिलाएगा पहचान, कवयाद शुरू

रिपोर्ट:-धीरज सिन्हा

शेखपुरा- जिले के कलाकारों और कला संस्थानों को पहचान दिलाने के उद्देश्य से डेटा बेस तैयार किया जाएगा जिसके जिले के कलाकारों एवं कला संस्थानों के कार्य एवं उपलब्धियों को संरक्षित करने में भी सहायक सिद्ध होगी. कला, संस्कृति एवं युवा विभाग बिहार सरकार के निदेश पर जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय (सामान्य शाखा) ने जिले के कलाकारों और कला संस्थानों का एक व्यापक डेटा बेस बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है. जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी द्वारा बताया कि डेटा बेस में प्रदर्श कला (नृत्य, संगीत, कविता, अभिनय) और चाक्षुष कला (चित्रकला, मूर्तिकला, फोटोग्राफी) दोनों के कलाकारों और संस्थानों की जानकारी शामिल की जाएगी. जिले के अंचलों में विलुप्त होती कला के संरक्षण के लिए उसका आंकड़ा संग्रहित किया जा रहा है. साथ ही सभी अंचलों में मनाये जाने वाले विभिन्न मेले, महोत्सव तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है. उनके द्वारा शेखपुरा जिले के सभी कलाप्रेमी प्रबुद्धजनों से आग्रह किया गया है कि वे शेखपुरा जिले के इस कल्चरल मैपिंग में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दें. उन्होने कहा कि डेटा बेस बनाने का उद्देश्य कला के क्षेत्र में पारदर्शिता और समृद्धि लाना है, जिससे न केवल कलाकारों को लाभ होगा, बल्कि कला प्रेमियों और शोधकर्ताओं को भी सही जानकारी मिल सकेगी. जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने बताया कि इस इस पहल से जिले के कलाकारों की उपलब्धियों, प्रदर्शनों और संगठनों के बारे में विस्तृत जानकारी इकठ्ठा की जाएगी. यह डाटावेस न केवल सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के लिए उपयोगी होगा, बल्कि यह बिहार कला के समग्र विकास में भी सहायक सिद्ध होगा. इसके माध्यम से कलाकारों और संस्थानों के बीच संवाद को बढ़ावा देने की भी योजना है ताकि ये अपने विचारों और अनुभवों को साझा कर सके. इससे बिहार कला परिदृश्य में एक नई उर्जा का संचार होगा. उन्होने बताया कि यह डेटावेस कला के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा, जो न केवल कलाकारों को सशक्त बनाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनेगा. जिले के इच्छुक कलाकार और संस्था निदेशक जो आवेदन करना चाहते है वे आवेदन को शेखपुरा डॉट एनआईसी डॉट इन से डाउनलोड कर उसे सही-सही भरकर आवश्यक दस्तावेज के साथ जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय शेखपुरा में जमा कर सकते हैं. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 03 जनवरी 2025 है. पूर्णरूपेण भरा हुआ आवेदन प्रपत्र अपने-अपने प्रखंड अंचल कार्यालय में जमा करेंगे अथवा आवेदक सीधे जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, शेखपुरा सामान्य शाखा) में भी आवेदन दे सकते हैं. विशेष जानकारी के लिए संबंधित कार्यालय से कार्यालय अवधि में संपर्क भी किया जा सकता है.

Leave a Comment