प्रतियोगिता में पॉलिटेक्निक कॉलेज ने मारी बाजी

उमंग–2026: प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में राजकीय पॉलिटेक्निक शेखपुरा का शानदार प्रदर्शन
शेखपुरा

शेखोपुरसराय से सौरव कुमार क रिपोर्ट

 

उमंग–2026 के अंतर्गत 16 जनवरी से 18 जनवरी तक आयोजित प्रमंडल स्तरीय खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में राजकीय पॉलिटेक्निक, कॉलेज शेखोंपुरसराय, शेखपुरा के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। विभिन्न खेलों एवं सांस्कृतिक विधाओं में विद्यार्थियों ने विजेता और उपविजेता स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और परिश्रम का परिचय दिया।
प्रतियोगिता में कबड्डी (बालक वर्ग), हाई जंप (बालक), लॉन्ग जंप (बालक) तथा 400 मीटर दौड़–स्प्रिंट (बालक वर्ग) में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं कबड्डी (बालिका वर्ग), बैडमिंटन सिंगल्स एवं डबल्स (बालक), शॉटपुट (बालक एवं बालिका), डिस्कस थ्रो (बालक), 4×100 मीटर रिले (बालिका) और कैरम प्रतियोगिता में उपविजेता स्थान प्राप्त कर संस्थान को गौरवान्वित किया।

 


खेल के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। निबंध लेखन (अंग्रेज़ी), कहानी लेखन (अंग्रेज़ी), एक्सटेम्पोर भाषण प्रतियोगिता (अंग्रेज़ी) तथा डंब चाराड्स में उपविजेता स्थान प्राप्त कर विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक एवं बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य बसंत कुमार ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने सभी विजेता एवं उपविजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। प्राचार्य ने यह भी बताया कि चयनित खिलाड़ी एवं प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राजकीय पॉलिटेक्निक, शेखपुरा का प्रतिनिधित्व करेंगे और उम्मीद जताई कि वे वहां भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं संस्थान का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Comment