जागरण के धुएं से तीन दर्जन लोगों की आंखों में संक्रमण, सभी का चल रहा इलाज

शेखोपुरसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट

शेखोपुरसराय प्रखंड क्षेत्र के महानंदपुर गांव में छठ पूजा के शुभ अवसर पर आयोजित जागरण कार्यक्रम के दौरान बुधवार की देर रात एक बड़ी घटना सामने आई। जागरण स्थल पर जलाए गए केमिकल युक्त पदार्थों से उठे धुएं के कारण करीब तीन दर्जन लोगों की आंखों में जलन, लालिमा और संक्रमण की शिकायत हुई।

आंखों में जलन और कचकचाहट बढ़ने पर स्थानीय लोग घबरा गए और तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), शेखोपुरसराय को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. विपिन कुमार ने दो एंबुलेंस मौके पर भेजीं। मेडिकल टीम की मदद से सभी प्रभावित लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

डॉ. साकेत कुमार की देखरेख में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, यह संक्रमण जागरण में उपयोग किए गए धुआं उत्पन्न करने वाले केमिकल पदार्थों के कारण हुआ है। उन्होंने बताया कि यह सामान्य इंफेक्शन है और सभी मरीजों की आंखें जल्द ठीक हो जाएंगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन और पूजा समिति से आग्रह किया है कि भविष्य में ऐसे आयोजनों में सुरक्षित सामग्री का उपयोग किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य पर कोई विपरीत असर न पड़े।










