रिपोर्ट:-धीरज सिन्हा

शेखपुरा:-राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना द्वारा नवम्बर माह, 2024 की जारी रैंकिंग में शेखपुरा जिला को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है. इस सम्बन्ध में सियाराम सिंह अपर समाहर्ता शेखपुरा द्वारा बताया गया कि हर माह राजस्व विभाग के द्वारा विभिन्न मापदंडों पर राज्य स्तर पर प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलों की रैंकिंग कार्यों के आधार पर की जाती है. कुल 05 मापदंडों पर रैंकिंग का निर्धारण किया जाता है. वे हैं – दाखिल खारिज मामलों के निष्पादन की स्थिति, परिमार्जन प्लस पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति, अभियान बसेरा -2 अंतर्गत वास विहीन को उपलब्ध कराई की भूमि, आधार सीडिंग का स्टेटस, अपर समाहर्ता एवं भूमि सुधार उपसमाहर्ता के न्यायालय में निष्पादन किए गए मामलों की स्थिति. विगत माह में निष्पादित किये गये विभिन्न आवेदनों एवं मामलों के आधार पर कुल 100 अंक निर्धारित किये गये थे, जिसमें शेखपुरा जिला को 64.79 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं. वहीं दूसरे नंबर पर बांका जिला रहा. विगत अक्टुबर माह में भी शेखपुरा जिला रैंकिंग में दूसरे स्थान पर था, जिसमें सुधार करते हुए इस बार प्रथम स्थान प्राप्त करने में सफल रहा. ज्ञात हो कि जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों के किये जा रहे कार्यों की प्रगति की लगातार सोमवारिय समीक्षा की जा रही है एवं कार्यों को तेजी से निष्पादित करने हेतु लगातार निर्देश भी दिया जा रहा है. साथ ही अलग से जमीनी स्तर पर भी जांच की जाती है. इसके अलावा भी अपर समाहर्ता के स्तर से प्रत्येक हफ्ता कम से कम 02 वार सभी अंचल अधिकारियों एवं राजस्व कर्मचारियों के साथ राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा की जाती है. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा अपर समाहर्ता एवं राजस्व विभाग से जुड़े अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दिया गया है. साथ ही आगे भी इस स्थान को बरकरार रखने को कहा गया है.









