शहर में पेय जल संकट से मचा हाहाकार, सप्ताह भर से जलापूर्ति बाधित, संबंधित कार्यलय अधिकारी पड़े हैं सुस्त

रिपोर्ट – धर्मेन्द्र कुमार

शेखपुरा-  नगर थाना क्षेत्र के कई हिस्सों में पेय जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमराने लगी है, जिसका खामियाजा लोगों को आए दिन भुगतना पड़ रहा है. इसी क्रम में शहर के वीआईपी रोड स्थित चांदसी मोहल्ला के लोगों ने पेयजल संकट से त्रस्त होकर शेखपुरा नगर परिषद की लाचार हो चुकी पेय जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर जमकर आक्रोश प्रकट किया है . करीब एक सप्ताह से इस मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बाधित रहने के कारण लोगों को बूंद बूंद पानी के लिए तरसने को विवश होना पड़ रहा है. इस क्रम में मोहल्ले की कई महिलाओं एवं पुरुषों ने सड़क पर उतरकर नगर परिषद के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और गुस्सा प्रकट किया. मौके पर मोहल्ले वासियों में नीतू देवी ,सोनी कुमारी ,रूपम देवी, किरण देवी, संगीता देवी ,नीलम देवी ,दीपक कुमार, संजीत चौधरी, शिव शंकर प्रसाद ,पप्पू कुमार, दीपक कुमार सहित अन्य ने बताया कि शेखपुरा नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 19 स्थित चांदसी गली मोहल्ला में करीब एक सप्ताह से जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बाधित है . जिसके कारण लोग पेयजल को लेकर भारी समस्या से जूझ रहे हैं . इस दिशा में उन्होंने पूर्व में भी नगर परिषद के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि से गुहार लगाई थी परंतु इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया. जिसका नतीजा है कि इस भीषण गर्मी में शहरी जिला पूर्ति व्यवस्था का लाभ नहीं मिल पा रहा है और ऐसे में करीब 100 से अधिक घर बुरी तरह प्रभावित है और उन्हें दूसरों के घरों से अथवा लंबी दूरी तय कर पानी लाने पर विवश होना पड़ रहा है.उन्होंने कहा कि एक तरफ अधिकारी पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करते हैं और दूसरी तरफ बड़ी संख्या में धरातल पर लोग प्रभावित हैं परंतु अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि द्वारा कोई सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है. उन्होंने इस पूरे मामले में से शेखपुरा डीएम से व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग की. इसके साथ उन्होंने  कहा कि अगर पेयजल आपूर्ति को लेकर व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता है तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन तेज किया जाएगा.

Leave a Comment