रिपोर्ट – चतुरानन्द मिश्रा

शेखपुरा- जिले के मेहूस थाना पुलिस ने निकटवर्ती नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालू नगर गांव में छापामारी कर पत्नी की हत्या के मामले में कोर्ट द्वारा घोषित भगोड़ा पति को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। छापामारी का नेतृत्व थाना अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने की। गिरफ्तार पत्नी की हत्या अभियुक्त की पहचान लालू नगर गांव निवासी शरण यादव के पुत्र संजय यादव के रूप में की गई है। गिरफ्तार हत्यारोपी को नालंदा से कड़ी पुलिस निगरानी में मेहूस थाना लाए जाने के बाद उसे शेखपुरा जेल भेज दिया गया। इस बाबत थाना अध्यक्ष ने बताया कि मृतक का ससुराल इस जिला के बरबीघा थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगीपुर गांव में था। तीन साल पहले वह अपने गांव से पत्नी को विदा कराने बाइक पर सवार होकर जंगीपुर गांव आया था। पत्नी को ससुराल से विदा करवा कर अपने गांव जाने के दौरान उसने अपनी पत्नी को हत्या रास्ते में ही करके उसकी लाश को मेहूस थाना क्षेत्र में पड़ने वाले लोदीपुर गांव के सड़क किनारे सुनसान झाड़ियों में फेंक दिया था। इस घटना के संबंध में हत्या की प्राथमिकी मृतका के पिता गोरे लाल यादव द्वारा दर्ज कराई गई थी। जिसमे गिरफ्तार चार लोगो को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। उस मामले में गिरफ्तार आरोपी ही जांच के दौरान दोषी पाया गया था। हत्या के बाद लगातार फरार रहने के कारण कोर्ट द्वारा जारी आदेश के बाद उसके नालंदा स्थित घर की कुर्की जब्ती की कार्रवाई पिछले दो साल पहले ही की जा चुकी थी। कुर्की की कार्रवाई के बाद भी गिरफ्तारी न होने पर कोर्ट ने आरोपी पति को भगोड़ा घोषित कर दिया था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के भय से यह राज्य से बाहर छुपकर रह रहा था।









