पांची गांव मे होली के पहले विदेशी शराब बरामद

शेखोपुर सराय के पांची गांव में 36 बोतल विदेशी शराब बरामद, प्राथमिकी दर्ज

 

शेखोपुर सराय थाना क्षेत्र के पांची गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 36 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने किया। उनके नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गांव के खेत स्थित एक बोरिंग के समीप छापेमारी की, जहां से शराब की खेप जब्त की गई।


पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव का ही एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब का कारोबार कर रहा है और पकड़े जाने के डर से वह शराब को अपने घर में न रखकर खेत में छिपाकर रखता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बोरिंग के पास छिपाकर रखी गई 36 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

 


मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ करने पर पता चला कि मुकेश कुमार नामक व्यक्ति शराब का अवैध धंधा करता है। ग्रामीणों ने बताया कि वह घर में शराब नहीं रखता, बल्कि खेत में बोरिंग के पास छिपाकर रखता है और वहीं से बिक्री करता है, ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है और आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

होली पर्व को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। त्योहार के मद्देनजर अवैध शराब कारोबारियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment