देसी शराब के साथ एक गिरफ्तार

होली को लेकर पुलिस की सख्ती, 10 लीटर देशी शराब के साथ रंजीत मांझी गिरफ्तार

 

 

शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पांची में होली पर्व को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शेखोपुरसराय थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 लीटर देशी शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम पांची निवासी रंजीत मांझी, पिता सुरेन्द्र मांझी के रूप में हुई है।

 

थानाध्यक्ष विवेक चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि होली पर्व के मद्देनजर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम पांची में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब का भंडारण कर बिक्री की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।


छापेमारी के दौरान रंजीत मांझी के पास से 10 लीटर देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब को जब्त कर थाना लाया गया तथा आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि होली जैसे त्योहारों में अवैध शराब की बिक्री बढ़ने की आशंका रहती है, जिसे रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार गश्ती और छापेमारी जारी रहेगी तथा किसी भी हाल में अवैध शराब कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

Leave a Comment