मैरिज हॉल का उद्घाटन में पहुंचे जदयू के दो-दो विधायक

बरबीघा के मोकामा रोड स्थित नारायणपुर मोहल्ले में जय बाबा पंचबदन वेंकट्स सह विवाह भवन का उद्घाटन सोमवार को गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।

इस नवनिर्मित विवाह भवन के मालिक और जदयू के वरिष्ठ नेता अंजनी कुमार हैं। उद्घाटन अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में बरबीघा विधानसभा विधायक कुमार पुष्पांजय और शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी शामिल थे। वहीं नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रोशन कुमार समेत अन्य स्थानीय स्तर के कई नेता और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह के दौरान अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर विवाह भवन का शुभारंभ किया। इसके बाद भवन परिसर का निरीक्षण किया गया। अतिथियों ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस विवाह भवन की सराहना करते हुए कहा कि इससे बरबीघा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को शादी-विवाह, सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए एक बेहतर और सुलभ स्थान मिलेगा।

इस अवसर पर जदयू नेता एवं भवन के मालिक अंजनी कुमार ने कहा कि जय बाबा पंचबदन वेंकट्स सह विवाह भवन को आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, ताकि मध्यम और निम्न वर्ग के परिवार भी कम खर्च में अपने पारिवारिक आयोजनों को सम्मानजनक ढंग से संपन्न कर सकें। उन्होंने बताया कि भवन में पार्किंग, बिजली-पानी, सुरक्षा और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की गई है।

विधायक कुमार पुष्पांजय और विधायक रणधीर कुमार सोनी ने संयुक्त रूप से कहा कि इस तरह के सामाजिक भवनों के निर्माण से क्षेत्र के विकास को गति मिलती है और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Leave a Comment