36 घंटे में हत्याकांड का खुलासा, शेखोपुरसराय थाना प्रभारी की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार

शेखोपुरसराय से सौरभ कुमार की रिपोर्ट
शेखोपुरसराय (शेखपुरा)। पुलिस अधीक्षक के जनता दरबार में उठे मामले का असर महज 36 घंटे के भीतर देखने को मिला। शेखोपुरसराय थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी के कुशल नेतृत्व में पुलिस ने नाबालिग की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख की चर्चा तेज हो गई है।

गौरतलब है कि बीते कुछ माह पहले शेखोपुर बाजार में एक नाबालिग लड़की की दिनदहाड़े धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और लोग जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने विशेष टीम का गठन कर लगातार छापेमारी शुरू की।

लगातार तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और सटीक रणनीति के आधार पर पुलिस टीम ने नवादा जिले के रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत रोह बाजार से मुख्य आरोपी एमडी फिरोज खान उर्फ वाहिद खान, पिता नसीम मियां, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, वहीं घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्त लोगों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
थाना अध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून व्यवस्था को भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे पुलिस को सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है। आमजन का कहना है कि शेखोपुरसराय पुलिस जिस तरह से गंभीर मामलों में सक्रियता दिखा रही है, वह निश्चित रूप से अपराध नियंत्रण में मील का पत्थर साबित होगी।









