शेखोपुरसराय जदयू प्रत्याशी का नहीं खुला ऑफिस लोग नाराज

शेखोपुर सराय में एनडीए प्रत्याशी पुष्पांजय कुमार का जनसंपर्क अभियान तेज, लोगों की नाराजगी भी आई सामने

संवाददाता अमित कुमर

शेखोपुर सराय (नगर संवाददाता)। आगामी चुनाव को लेकर एनडीए प्रत्याशी पुष्पांजय कुमार ने मंगलवार को शेखोपुर सराय क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों और नगर क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी तथा जनता से समर्थन की अपील की।

अभियान के दौरान एनडीए नेता जेनू सिंह ने भी बाबा महेश स्थान में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने क्षेत्र में भ्रमण कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

पार्टी सूत्रों के अनुसार यह जनसंपर्क अभियान पंचायत एवं नगर स्तर के जनप्रतिनिधियों को साधने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में चलाया जा रहा है।

हालाँकि, अभियान के बीच स्थानीय लोगों की कुछ नाराजगी भी सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक प्रखंड क्षेत्र में पार्टी का स्थायी कार्यालय नहीं खोला गया है, जिससे आम लोगों को नेताओं से सीधे संवाद का अवसर नहीं मिल पाता। कई मतदाताओं ने यह भी कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर कार्यालय होता, तो कार्यकर्ताओं और जनता के बीच बेहतर तालमेल बनता।

फिलहाल एनडीए प्रत्याशी और उनके सहयोगी जनता से संपर्क बढ़ाने में जुटे हैं, जबकि विपक्ष इस नाराजगी को अपने पक्ष में भुनाने की कोशिश में है।

Leave a Comment