
शेखोपुरसराय से अमित कुमार का रिपोर्ट

शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र की पुलिस ने लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बार फिर तीन अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है।थाना अध्यक्ष विवेक चौधरी ने बताया कि रविवार को सब-इंस्पेक्टर निशु कुमारी के नेतृत्व में छापेमारी कर बिहारशरीफ के विकास कुमार, कुणाल कुमार, और नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के इटासन गाँव निवासी संजय राम के 18 वर्षीय पुत्र दुर्गेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में पता चला है कि ये तीनों अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं, जो जिले के विभिन्न इलाकों में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। थाना अध्यक्ष ने बताया कि पिछले महीने अंबारी गाँव में पाँच से सात घरों से मोबाइल चोरी की घटनाएँ हुई थीं, जिनमें ये आरोपी शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से कई चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय चोर गाँवों से मोबाइल चोरी कर इन आरोपियों को बेचता था, और यह गिरोह उन मोबाइलों को अन्य जगहों पर ऊँचे दामों में बेच देता था।
थाना अध्यक्ष विवेक चौधरी ने आगे बताया कि पुलिस इस गिरोह के कुल सात सदस्यों में से पहले ही चार चोरों को जेल भेज चुकी है, और अब तीन अन्य को गिरफ्तार किया गया है।
बाकी सदस्यों की तलाश में छापेमारी लगातार जारी है।









