रिपोर्ट – न्यूज़ डेस्क

अपहृत महिला को पुलिस ने सुनसान स्थान से सुरक्षित निकाला
शेखपुरा- जमुई जिले के सिकंदरा प्रखंड के धदौर गांव निवासी विकास कुमार की पत्नी बरसा रानी को वाउघाट थाना पुलिस ने सुनसान स्थान से हाथ-पैर बंधी अवस्था में बरामद किया है। बरसा रानी का मायका शेखपुरा जिले के हथियावां पंचायत के गवय गांव में है, जहां उनके पिता शिवनरेश सिंह, जो एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी हैं, निवास करते हैं।
बरसा रानी ने पुलिस को बताया कि उनका अपहरण कर उनकी हत्या की साजिश रची जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह षड्यंत्र उनके ससुराल पक्ष द्वारा रचा गया था। अपहरण के बाद उन्हें एक बंद कमरे में हाथ-पैर बांधकर रखा गया था। जमुई पुलिस भी उनकी तलाश कर रही थी, लेकिन पुलिस दबिश के कारण अपहर्ताओं ने उन्हें सुनसान स्थान पर छोड़ दिया, जहां से वाउघाट थाना पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया।
इस संबंध में वाउघाट थाना की पुलिस अधिकारी सोनम कुमारी ने बताया कि बरसा रानी के अनुसार, उनकी हत्या के इरादे से उनका अपहरण किया गया था। यह घटना 22 जनवरी को हुई थी। पुलिस ने महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।









