रिपोर्ट – चतुरानन्द मिश्रा

शेखपुरा- 7 जनवरी: रोटरी क्लब ऑफ शेखपुरा सेंट्रल द्वारा आज एक मानवीय पहल के तहत बाजीतपुर गांव में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 50 जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए,
जिससे सर्दी के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि क्लब का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करना और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करना है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे प्रयासों से न केवल लोगों की परेशानियों को कम किया जा सकता है, बल्कि समाज में परोपकार की
भावना को भी बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में क्लब के सेक्रेटरी महेंद्र कुमार आर्य, सुरेंद्र प्रसाद, और दीपक कुमार कौशिक भी उपस्थित रहे। इन सभी ने मिलकर वितरण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न किया। ग्रामीणों ने रोटरी क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में यह कंबल उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सिंह ने
कहा कि रोटरी क्लब आगे भी इसी प्रकार के सामाजिक कार्यों को जारी रखेगा। रोटरी क्लब ऑफ शेखपुरा सेंट्रल के इस प्रयास ने समाज में सेवा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया।









