
शेखपुरा -गंगा स्नान करने गई दो चचेरी बहनें पटना जिला के बाढ़ में डूब गई। ये लोग शेखपुरा नगर क्षेत्र के बंगालीपर मोहल्ले के हैं। घर के बुजुर्ग बलराम साह का दशकर्म दो दिन पूर्व ही संपन्न हुआ है। दशकर्म संपन्न होने के बाद बुधवार को परिवार के सभी लोग गंगा स्नान करने बाढ़ गए थे। वहां गंगा घाट पर स्नान करने के दौरान मृतक बलराम साह की दो पौत्री अन्नू कुमारी तथा माही कुमारी गंगा नदी में डूब गई। अन्नू मनोहर साह तथा माही रामायण साह की पुत्री हैं। दोनों बच्चियों की आयु 7 से 8 वर्ष के बीच बताई गई है। बाढ़ से पीड़ित परिवार ने अपने पड़ोसी को फोन पर हादसे की सूचना दी है,जिसके बाद यहां से कई लोग बाढ़ रवाना हो गए हैं। पीड़ित परिवार के घर पर ताला बंद है। गंगा में डूबी दोनों बच्चियों को खोजने के लिए बाढ़ के स्थानीय प्रशासन ने गोताखोर लगाए हैं। समाचार लिखे जाने तक डूबी दोनों बच्चियों के पता नहीं चला है। बसलराम साह बेटों के साथ दिल्ली में रहते थे और उनका निधन भी वहीं हुआ था,मगर बेटों ने दशकर्म पैतृक घर शेखपुरा में किया।










